पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से चोरों के मंसूबे नाकाम,गोड्डा से चोरी का ट्रैक्टर बरामद
pakur news

कोटालपोखर संवाददाता। रांगा थाना क्षेत्र से चोरी हुए ट्रैक्टर की तलाश में साहिबगंज पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों से लेकर पश्चिम बंगाल और पाकुड़ तक लगातार छापेमारी की। पुलिस की सक्रियता और अलग-अलग टीमों की कार्रवाई के बीच चोर ट्रैक्टर को ज्यादा दूर नहीं ले जा सके। आखिरकार चोरी का ट्रैक्टर गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गये।
रात के अंधेरे में चोरी हुआ था ट्रैक्टर
जानकारी के अनुसार पतना चौक निवासी सोनू कुमार ठाकुर का ट्रैक्टर 18 सितंबर की देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच रांगा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर से चोरी हो गया था। सुबह ट्रैक्टर गायब मिलने पर मालिक ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

साहिबगंज से बंगाल तक पुलिस ने खंगाले ठिकाने
एसपी के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने ट्रैक्टर की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। टीम में बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार, रांगा थाना के एसआई सत्यवान कुंभकार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने रांगा और कोटालपोखर थाना क्षेत्रों के अलावा पश्चिम बंगाल के फरक्का व सीमावर्ती इलाकों तथा पाकुड़ जिले के हिरणपुर, मालपहाड़ी और लिट्टीपाड़ा में भी संभावित ठिकानों की तलाशी ली।
दर्जनों सीसीटीवी कैमरों से सुराग जुटाया
चोरी के बाद ट्रैक्टर किस रास्ते से ले जाया गया, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संभावित मार्गों और ट्रैक्टर की आवाजाही की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया। इसके अलावा ट्रैक्टर चोरी की सूचना गोड्डा सहित आसपास के जिलों की पुलिस को भी भेजी गयी।
साहिबगंज-गोड्डा पुलिस के तालमेल से मिली कामयाबी
सूचना मिलते ही गोड्डा पुलिस ने भी अपने इलाके में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी। दोनों जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और लगातार दबिश का असर यह हुआ कि चोर ट्रैक्टर को अधिक दूर तक नहीं ले जा सके।
पुलिस के अनुसार चोर गोड्डा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। बाद में पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर को बरामद कर लिया और उसे थाना ले आयी।
आरोपियों तक पहुंचने में जुटी पुलिस
ट्रैक्टर बरामद होने के बाद अब पुलिस चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
![]()





