पाकुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी सामान मिलने पर दुकानदारों पर जुर्माना
केक दुकान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों को दी गई चेतावनी

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को पाकुड़ बाजार क्षेत्र की विभिन्न खाद्य दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार एवं राधिका कुमारी के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने छोटे-बड़े नाश्ता दुकानों, थोक विक्रेताओं, कोल्ड ड्रिंक दुकानों समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाए जाने पर टीम ने संबंधित सामानों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाने के साथ उन्हें खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कड़ी चेतावनी दी गई। एक केक दुकान में अनियमितता पाए जाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री अथवा खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान जिन दुकानदारों के पास खाद्य कारोबार का आवश्यक लाइसेंस नहीं था, उन्हें लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही कारोबार संचालित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य कारोबार करने वाले सभी दुकानदारों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। छापेमारी के बाद बाजार क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
![]()





