
पाकुड़। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कूड़ापाड़ा मोहल्ले में छापेमारी कर करीब 200 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कूड़ापाड़ा निवासी राजेश घोष के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेश घोष अपने घर से गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उसकी बिक्री करता है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित कर उसके घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी में मिला गांजा और उपकरण
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग पुड़िया में रखा करीब 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल होने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीन, बिक्री के लिए तैयार छोटी-छोटी पुड़िया, एक मोबाइल फोन और 1090 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी घर से ही गांजा तैयार कर स्थानीय स्तर पर उसकी सप्लाई करता था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()




