पाकुड़ में दो दिवसीय वाहन जांच अभियान, 173 बिना हेलमेट और 56 बिना लाइसेंस चालक पकड़े गए
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक


पाकुड़। संवाददाता। सड़क सुरक्षा को लेकर पाकुड़ पुलिस ने जिलेभर में दो दिवसीय सघन वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर 29 और 30 अगस्त को विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 248 वाहनों की जांच की गई।
213 दोपहिया और 35 चारपहिया वाहनों की जांच
पुलिस के अनुसार जांच किए गए वाहनों में 213 दोपहिया और 35 चारपहिया वाहन शामिल थे। अभियान के दौरान 173 बाइक चालक बिना हेलमेट के पकड़े गए, जबकि 56 चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। इसके अलावा ट्रिपल लोडिंग और नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले छह वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं एक वाहन बिना नंबर प्लेट या खराब नंबर प्लेट के साथ पकड़ा गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक
वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट जीवन रक्षक उपाय हैं, जिन्हें आदत में शामिल करना चाहिए।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों के पालन को लेकर इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()




