

पाकुड़, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह का रविवार को ‘स्पेशल संडे-साइकिल एडिशन’ के साथ भव्य समापन हुआ। ‘फॉर स्टे एक्टिव’ थीम पर आयोजित साइकिलिंग गतिविधि में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं के साथ विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के जरिए फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
साइकिलिंग में खिलाड़ियों का दम, विजेताओं को सम्मान
साइकिलिंग प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
- बालक अंडर-14: विवेक दास प्रथम, रौशन कुमार भगत द्वितीय, सुदीप दास तृतीय
- बालिका अंडर-14: सुधा कुमारी पासवान प्रथम, रेयाक्षा प्रवीण द्वितीय, कल्याणी सरकार तृतीय
- सीनियर पुरुष वर्ग: समीर अंसारी प्रथम, नज़मी शेख द्वितीय, बिकास साहा तृतीय
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
खेलकर्मियों और अधिकारियों की मौजूदगी
समारोह में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रशिक्षक अक्षय बाउरी और संजय भगत सहित कई खेलकर्मी व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
“हर दिन एक घंटा खेल जरूरी”
उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। नियमित खेलकूद से न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए निकालने की अपील की।
साइकिलिंग से बढ़ती है फिटनेस और अनुशासन
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि साइकिलिंग जैसी गतिविधियां युवाओं को फिट रखने के साथ नियमित व्यायाम की आदत विकसित करती हैं। तीन दिवसीय आयोजन में खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि जिले में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश
प्रशिक्षकों ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का आधार है। तीन दिनों तक चली गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़ने तथा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश दिया गया।
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
![]()


