पाकुड़ में 5 दिन का नवजात रहस्यमय तरीके से लापता, सुराग देने वाले को मिलेगा ₹1 लाख इनाम
50 पुलिस टीमों के साथ तलाशी अभियान जारी, डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी फुटेज की भी ली जा रही मदद

पाकुड़ संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के तलवा डंगा-महुआ डंगा गांव से 25 अगस्त को रहस्यमय तरीके से लापता हुए पांच दिन के नवजात की तलाश में जिला पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। बच्चे की जानकारी देने वाले व्यक्ति को पुलिस प्रशासन की ओर से एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने अपील की है कि बच्चे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस ने सूचना देने के लिए दो मोबाइल नंबर 7903723895 और 7091544435 जारी किए हैं।
घर में सोया था मासूम, अचानक हुआ लापता

जानकारी के अनुसार, महुआ डंगा निवासी रसका सोरेन का पांच दिन का नवजात 25 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे घर में सोया हुआ था। इसी दौरान वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नवजात की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार संभावित स्थानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही हैं।
डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी से भी तलाश
नवजात की तलाश के लिए पुलिस ने दुमका से सीआईडी डॉग स्क्वायड की मदद ली। इसके अलावा पाकुड़, राजग्राम, मुरारई समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला गया। पुलिस ने आने-जाने वाले रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की, लेकिन अब तक बच्चे के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
करीब 50 टीमों से चल रही तलाश
नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। कुआं, तालाब, गांव के आसपास के खेत-खलिहान, झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया है। मामले की जांच और बच्चे की तलाश के लिए करीब 50 पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक नवजात का कोई पता नहीं चल सका है। जिला पुलिस प्रशासन ने अब आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्चे के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल जारी मोबाइल नंबरों पर सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सही जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू
![]()





