
लातेहार। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को धर्मपुर चौक के पास सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर आयोजित अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार और प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राम लखन बर्नवाल शामिल हुए।

रक्षाबंधन के मौके पर सीएम एक्सीलेंट विद्यालय की छात्राओं ने अभियान को अलग अंदाज में चलाया। छात्राओं ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवकों और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को राखी बांधी। इसके साथ ही उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की। छात्राओं ने कहा कि जिस तरह बहनें रक्षाबंधन पर भाइयों की लंबी उम्र और सुरक्षित जीवन की कामना करती हैं, उसी भावना के साथ वे वाहन चालकों से सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने का आग्रह कर रही हैं।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी। उन्हें समझाया गया कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए। इसके अलावा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की अपील की गई।
राखी बांधने के बाद कई वाहन चालकों ने छात्राओं से भविष्य में बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने का संकल्प लिया। चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
![]()




