लातेहार : डेढ़टंगवा घाटी में भारी वाहनों पर रोक के लिए अयुब खान ने डीसी को सौंपा आभार पत्र

लातेहार। चंदवा-चांपी-लोहरदगा मुख्य पथ की डेढ़टंगवा घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सड़क की मरम्मत कराने और तब तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की पहल का क्षेत्र में स्वागत किया जा रहा है। मंगलवार को कामता पंचायत समिति सदस्य एवं जिला प्रशासन से समाज सेवा के लिए सम्मानित अयुब खान ने उपायुक्त संदीप कुमार को आभार पत्र सौंपकर इस निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।

अयुब खान ने कहा कि डेढ़टंगवा घाटी लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बनी हुई है। यहां कई बड़े हादसों में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। कई घटनाओं में वाहन चालकों समेत अन्य लोगों की मौत भी हुई है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2026 को कंटेनर की चपेट में टेंपो और मोटरसाइकिल आने से छह लोगों की मौत ने एक बार फिर घाटी की गंभीर स्थिति को सामने ला दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क की हालत को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मरम्मत कराने की पहल और सड़क पूरी तरह सुरक्षित होने तक भारी वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय आम लोगों के हित में है। इससे चंदवा, लातेहार, बालूमाथ और लोहरदगा क्षेत्र के लोगों में राहत की भावना है।अयुब खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा और लोगों की जान बचाने के लिए उठाया गया यह कदम सराहनीय है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क मरम्मत का काम जल्द पूरा होगा और तब तक भारी वाहनों पर लगी रोक प्रभावी ढंग से लागू रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया।
![]()




