रांची में महिलाओं के लिए बढ़ेगी पिंक बस सेवा,छह नई बसों की खरीद को दूसरी बार निकली निविदा
Ranchi News

रांची। राजधानी में महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने की दिशा में रांची नगर निगम ने छह नई पिंक बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है। नगर निगम के परिवहन प्रकोष्ठ ने बसों की खरीद के लिए दूसरी बार निविदा जारी की है। वर्तमान में शहर में निगम की चार पिंक बसें संचालित हो रही हैं।
नगर निगम की योजना नई बसों के संचालन के माध्यम से महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन के विकल्प को बढ़ाने की है। प्रस्तावित बसों में चालक और परिचालक समेत 32 से अधिक यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इससे शहर में रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सफर करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम की ओर से 18 सितंबर को जारी निविदा में बसों की आपूर्ति के लिए अनुभवी एवं आर्थिक रूप से सक्षम एजेंसियों, ठेकेदारों और मूल उपकरण निर्माता कंपनियों के अधिकृत डीलरों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निविदा प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले तकनीकी प्रस्ताव की जांच होगी, इसके बाद वित्तीय प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
निविदा में शामिल होने वाली एजेंसियां 9 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकती हैं। तकनीकी बिड 10 अक्टूबर को शाम पांच बजे खोली जाएगी। निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 25 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि छह लाख रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी।
नगर निगम के अनुसार, शहर में महिलाओं की आवाजाही को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है। नई पिंक बसों के संचालन से मौजूदा सेवा का विस्तार किया जा सकेगा और महिलाओं को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।
![]()





