ज्योति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पेटरवार में दिखी महापर्व छठ की अद्भुत छटा, भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ परिसर
Gomiya news

ज्योति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पेटरवार में दिखी महापर्व छठ की अद्भुत छटा, भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ परिसर
अजीत नारायण प्रसाद की रिपोर्ट,
पेटरवार। पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज ज्योति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पेटरवार में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर छठ महापर्व की मनोहारी छटा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान भैया-बहन छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए विद्यालय परिसर में बनाए गए कृत्रिम छठ घाट तक पहुंचे। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर की विशेष साफ-सफाई की गई थी। बहनों द्वारा छठी मइया की महिमा में प्रस्तुत लोकगीतों से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना की गई। विद्यालय के सचिव संजय सिन्हा, प्रधानाचार्य नवीन कुमार एवं आचार्यों ने विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। छठ पूजन का अनुष्ठान विद्यालय के आचार्य कार्तिक झा के मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया।
इस दौरान बहनों द्वारा सजाए गए सूप एवं दउरा में विभिन्न प्रकार के मौसमी फल और पूजन सामग्री आकर्षण का केंद्र रहे। पूजा के समापन के बाद श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

मौके पर प्रधानाचार्य नवीन कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमें अनुशासन, स्वच्छता, पवित्रता, प्रकृति के प्रति प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
![]()




