साहिबगंज पुलिस ने बरामद किए 46 गुम मोबाइल,धारकों को सौंपे
खोजे मोबाइल अभियान के तहत राजमहल, तालझारी,तीनपहाड़ और राधानगर पुलिस की कार्रवाई

कोटालपोखर संवाददाता/राजमहल। साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे खोजे मोबाइल अभियान के तहत तकनीकी शाखा के सहयोग से राजमहल, तालझारी, तीनपहाड़ एवं राधानगर थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए 46 मोबाइल फोन बरामद किए।
वास्तविक धारकों को सौंपे गए मोबाइल
बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों को सौंपने के लिए मंगलवार को राजमहल थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, राजमहल प्रभाग के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस पदाधिकारियों ने सत्यापन के बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
राजमहल से सबसे अधिक 14 मोबाइल बरामद
थानावार बरामदगी के अनुसार राजमहल थाना पुलिस ने 14, तालझारी ने 13, तीनपहाड़ ने 7 और राधानगर थाना पुलिस ने 12 मोबाइल फोन बरामद किए। इस तरह चारों थाना क्षेत्रों से कुल 46 गुम मोबाइल बरामद कर उनके धारकों को वापस किए गए।
तकनीकी शाखा की मदद से लगातार प्रयास
पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी शाखा के सहयोग से लगातार प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत बरामद मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंपा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि गुम हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से जल्द से जल्द बरामद कर संबंधित लोगों को वापस किया जाए।
![]()






