पाकुड़ संवाददाता:
अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड के मोगलाबाध स्थित सिद्धू-कान्हू चौक एवं तलवा में अमर शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पाकुड़िया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने वीर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
माल्यार्पण के पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने सिद्धू-कान्हू के गौरवशाली इतिहास एवं उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बीडीओ सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासियों के हक-अधिकार के लिए सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो का संघर्ष अद्वितीय रहा है।
उन्होंने कहा कि इन महान वीरों का बलिदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।