पाकुड़:सुमन कुमार टुडू ने 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक
दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन,विद्यालय पहुंचने पर बैंड-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत

रिपोर्ट केशव तिवारी,
पाकुड़ :राष्ट्रीय खेलकूद के मंच पर डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर, पाकुड़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दिल्ली में 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण समेत कुल छह पदक जीतकर पाकुड़ का मान बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। बुधवार को विजयी खिलाड़ियों के विद्यालय पहुंचते ही बैंड-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।

100 मीटर दौड़ में सुमन ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ में सुमन कुमार टुडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अपनी उपलब्धि से उन्होंने विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। वहीं, 4×400 मीटर रिले दौड़ में राज किशोर टुडू, मिलन कुमार टुडू, प्रिंस मरांडी, मनोज सोरेन और प्रीतम सोरेन ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विजयी खिलाड़ियों के स्वागत में गूंजा विद्यालय परिसर
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों के सम्मान में विद्यालय परिसर में विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैंड-बाजे की धुन और विद्यार्थियों की तालियों के बीच खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया। प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को बुके देकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता की खुशी साझा की। खिलाड़ियों की उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया गया।
मेहनत और अनुशासन ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान
प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां दूसरे विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने विद्यालय की खेल प्रतिभा को नई पहचान दी है।
![]()





