कोटालपोखर (संवाददाता):
पाकुड़ जिले के मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल, अनुशासन और शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कांस्य पदक मुकाबले में जिंदातो की टीम ने लोहरदगा की मजबूत टीम को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी सफलता में बाधा नहीं बन सकती।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में खिलाड़ियों एवं उनके कोच को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा फुटबॉल और पानी की बोतल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जिंदातो बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि पाकुड़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। इस दौरान उन्होंने जिला क्रीड़ा पदाधिकारी को उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत तथा जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।