पाकुड़/कोटालपोखर संवाददाता।
पाकुड़ और साहेबगंज जिले के आसपास के क्षेत्रों में उलटा रथयात्रा उत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान मदन मोहन को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर पीतल के रथ में विराजमान कराया गया।
शुक्रवार अपराह्न में कालीबाड़ी मैदान से रथयात्रा की शुरुआत हुई, जो राजा पड़ा, इंदिरा चौक, बिरसा चौक, नगर थाना और भगत पाड़ा होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। वहां भगवान की प्रतिमा को स्थापित कर पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान मदन मोहन अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ मौसी के घर सात दिनों तक निवास करने के बाद उलटा रथयात्रा के दिन वापस मंदिर लौटते हैं।
उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। इस मौके पर आयोजित मेले में जलेबी, रथ मिठाई, कटहल और आम की खूब बिक्री हुई। बिरसा चौक से भगत पाड़ा तक भारी भीड़ देखी गई, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया।