मनिका से संतोष प्रसाद की रिपोर्ट,मनिका
मनिका – आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को मनिका थाना परिसर में सीओ अमन कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मोहर्रम जुलूस एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मोहर्रम कमेटी द्वारा निकाले जाने वाले जुलूस के रोड मैप की भी जानकारी दी गई।
सीओ अमन कुमार ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देने वाला अवसर है। उन्होंने कहा कि मनिका प्रखंड की पहचान एक शांतिप्रिय क्षेत्र के रूप में रही है, जिसे बनाए रखने के लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
वहीं थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं चिन्हित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिमा देवी, जिप सदस्य बलवंत सिंह, विधायक प्रतिनिधि दरोगी प्रसाद यादव, समाजसेवी सुरेंद्र पासवान, कांग्रेस युवा जिला महासचिव मिथलेस पासवान, संजय सिंह, पूर्व मुखिया संजय सिंह, कांग्रेस जिला सचिव तस्लीम अंसारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंदीप कुमार, ग्राम प्रधान रजत कुमार, कयूम अंसारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।