पाकुड़ संवाददाता। संथाल परगना क्षेत्र के महाविद्यालयों में स्नातक सीटों में की गई भारी कटौती को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में केकेएम कॉलेज सहित क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने आगामी 10 अगस्त को विश्वविद्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केकेएम कॉलेज स्थित आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास के छात्र नेता कमल मुर्मू ने बताया कि स्नातक सीटों की संख्या बरकरार रखने की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से छात्र-छात्राएं आंदोलनरत हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि पाकुड़ सहित संथाल परगना के सभी महाविद्यालयों के छात्रों ने एकजुट होकर 10 अगस्त को विश्वविद्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है। जब तक सीटों में की गई कटौती पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कमल मुर्मू ने बताया कि पहले केकेएम कॉलेज में स्नातक के लिए 4800 सीटें निर्धारित थीं, जिसे घटाकर मात्र 1800 कर दिया गया है। इसे छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि यह कटौती वापस नहीं ली गई, तो क्षेत्र के हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा से वंचित होना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। ऐसे में छात्र-छात्राएं मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश हैं।