लातेहार: जिला मुख्यालय के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपायुक्त, को ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर पूर्व में भी कई बार विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि केंद्रीय विद्यालय, लातेहार से सेमरी तक सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जल्द पूर्ण कर धरातल पर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता देने की अपील की है।
इस दौरान अकरम अंसारी, राजेश राम, असगर अंसारी, मुस्तेक अंसारी और इमरान अंसारी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
लातेहार में सड़क निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
लातेहार में केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक सड़क की खराब हालत से परेशान ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।