मानसून को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
लातेहार। मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (मनिका से कुडू) पर संभावित जलजमाव, भूस्खलन और यातायात बाधाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त संदीप कुमार ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक श्री राजीव रंजन को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि बारिश के दौरान आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बारिश शुरू होने से पहले हाईवे, अंडरपास और ड्रेनेज सिस्टम की समुचित सफाई एवं मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सर्विस रोड और मुख्य सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल भराई कर जलजमाव की समस्या को रोकने को कहा गया है।
उन्होंने संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए जेसीबी मशीन, पंप सेट सहित आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा,
“मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें।”
इसके अलावा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, ऐज मार्किंग तथा पॉटहोल्स की मरम्मत जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है, ताकि सड़क पर दृश्यता और सुरक्षा बनी रहे।
जिला प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों को मानसून से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा नियमित निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है।