तेनुघाट — गोमिया तथा पेटरवार के सैकड़ों ग्रामीणों और सोशल एक्टिविस्टों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव इफ्तिखार महमूद के नेतृत्व में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर पेयजल समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी मनोज मछुआ को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि गोमिया, पेटरवार और कसमार क्षेत्र में अरबों रुपये की लागत से बने इंटेक वेल, जलमीनार और पंप हाउस गर्मी के मौसम में भी चालू नहीं किए जा रहे हैं।
इस दौरान इफ्तिखार महमूद ने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों से तैयार जलापूर्ति संरचनाओं को बंद रखा गया है और चुनाव के समय इन्हें चालू करने की तैयारी की जाती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास की ऐसी परिभाषा गढ़ी जा रही है, जिसमें नियमित जल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था व्यवहारिक रूप से लागू नहीं हो पा रही है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था भी सीमित संसाधनों के सहारे संचालित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनता सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचानन महतो, पेटरवार अंचल सचिव महेंद्र मुंडा, जिला कोषाध्यक्ष चुंबन महतो, उमेश महतो, महेश रजवार, देवानंद प्रजापति, मौजी लाल महतो, शाहजहां खातून, सुनीता देवी, गीता देवी, नंदलाल महतो, दीनू रजवार, उमा चरण रजवार, मोहनलाल महतो, खुर्शीद आलम, बिरालाल किस्कू, मोहरलाल महतो, बाबू चांद टुडू, चमन केवट और जुबेदा खातून समेत कई लोग शामिल थे।
वार्ता के बाद इफ्तिखार महमूद ने पत्रकारों को बताया कि अधिकारियों के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति के लिए निर्मित संरचनाओं को जल्द चालू करने पर सहमति बनी है। कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण जरकुंडा ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना शुरू नहीं हो पा रही है। बिजली उपलब्ध होते ही योजना का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इसके अलावा गवर्नमेंट कॉलोनी रोड, मिशन स्कूल रोड, मस्जिद मोहल्ला, बीडीओ रोड और लटकूटा क्षेत्र में भी शीघ्र जलापूर्ति शुरू करने का भरोसा अधिकारियों ने दिया है।