गोमिया,(प्रतिनिधि)
— चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के कढमा गांव में ट्रैक्टर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात में घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को गायब कर दिया। सुबह ट्रैक्टर न मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।
पीड़ित प्रकाश महतो ने बताया कि ट्रैक्टर फाइनेंस पर खरीदा था, जिसकी दो किश्तें अभी बकाया हैं। चोरी से आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने थाना में आवेदन देकर ट्रैक्टर बरामदगी व चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास पूछताछ की जा रही है। टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है। थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि आवेदन अभी अप्राप्त है, फिर भी सूचना पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।