Balumath(बालूमाथ)01 अप्रैल 2026
बालूमाथ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुरगांव में पिछले कई दिनों से जारी गंभीर पेयजल संकट को लेकर विद्यालय प्रशासन द्वारा जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी को लिखित आवेदन दिया गया, जिसमें समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई थी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि विद्यालय में करीब 286 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं, लेकिन पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। विद्यालय में पूर्व में चापाकल और मोटर के माध्यम से जलापूर्ति की जाती थी, परंतु मोटर जल जाने और बोरिंग में तकनीकी खराबी आने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो चुकी है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कुछ समय तक लगभग 300 मीटर दूर स्थित एक निजी कुएँ से पानी लाकर काम चलाया गया, लेकिन अब वह विकल्प भी उपलब्ध नहीं है। जलसंकट के कारण विद्यालय के शौचालयों में भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे स्वच्छता प्रभावित हो रही है और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
अनीता देवी ने यह भी आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की कमी को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, और मुरगांव विद्यालय की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान शीघ्र कराया जाएगा।
Leave a Reply