पाकुड़ संवाददाता : पाकुड़ जिले में आयुष विभाग के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये शिविर लिट्टीपाड़ा, मोहनपुर और कालिकापुर में लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त दवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 106 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें उनकी बीमारी के अनुसार उचित परामर्श दिया गया। साथ ही आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी पद्धति से संबंधित दवाओं का वितरण भी निःशुल्क किया गया।
चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित दिनचर्या का पालन करने की सलाह दी। इसके अलावा बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलती है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।
आयोजन टीम ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सके।