रांची संवाददाता:
आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को लेकर राज्य में विधि एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से उच्चस्तरीय बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि भ्रामक जानकारी फैलने से रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन किया जाए, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा बिजली, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।