लातेहार: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत 27 फरवरी को प्रस्तावित मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में राजकीय पोलिटेक्निक कॉलेज परिसर में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के मतगणना चरण को पूर्ण पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं मतगणना कार्य में संलग्न कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए। साथ ही मतगणना हॉल में प्रवेश व्यवस्था, पहचान पत्र जांच, पास प्रणाली एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। परिसर के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान मतगणना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इनमें सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना हॉल में अनुशासन बनाए रखना, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, बैलट बॉक्सों की सुरक्षित हैंडलिंग, गणना टेबलों पर निगरानी, आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों एवं उनके अधिकृत अभिकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि निर्वाचन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मौके पर आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह पंचायती राज पदाधिकारी श्रेयांश, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।