गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा। अवैध बालू उठाव और परिवहन से उत्पन्न हो रही कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने सोमवार देर रात औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के दौरान कोयल एवं दानरो नदी क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों से अवैध रूप से बालू उत्खनन व परिवहन करते हुए कुल सात ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को गढ़वा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार एसडीएम को यह शिकायत मिल रही थी कि संगठित बालू माफिया देर रात तेज रफ्तार में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू का उठाव और परिवहन कर रहे हैं। इससे न केवल आम राहगीरों में भय का माहौल बन रहा है, बल्कि शोरगुल और तेज गति के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
इन्हीं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम संजय कुमार ने सोमवार रात करीब 10:30 बजे अभियान की शुरुआत की। सबसे पहले फोरलेन बाइपास स्थित अचला के पास छापेमारी कर अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को रोका गया। इसके बाद इन ट्रैक्टरों को गढ़वा थाना लाया गया, जहाँ थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी एवं खनन निरीक्षक को बुलाकर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने साथ लेकर चेतना, फरठिया एवं बेलचंपा के आसपास छापेमारी की। इस दौरान दो ट्रैक्टर अवैध बालू परिवहन करते पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, लेकिन चालक विहीन ट्रैक्टर को एसडीएम के निर्देश पर जब्त कर थाने भिजवा दिया गया।
इसके बाद रात लगभग 1:00 बजे छतरपुर, नवादा, सहेजना एवं करमडीह क्षेत्र में छापेमारी की गई। यहाँ से बालू परिवहन में संलिप्त दो और ट्रैक्टर रंगे हाथों पकड़े गए। इनमें से एक चालक एसडीएम की गाड़ी देखकर सहिजना मेन रोड पर बालू गिराकर भागने का प्रयास कर रहा था, किंतु उससे पहले ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया।
करीब तीन घंटे तक चले इस विशेष अभियान में कुल सात ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि सभी मामलों में खनन निरीक्षक द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम की गश्ती के समय संदिग्ध वाहनों की गतिविधियाँ भी सामने आईं। चेतना के पास एक इंडिगो कार को पीछा कर रोका गया। पूछताछ में कार सवार नवादा निवासी ज्ञान प्रकाश बिंद द्वारा बालू कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई। उसके भाई बुधन बिंद पर पहले से अवैध बालू उत्खनन के कई मामले दर्ज हैं। एसडीएम के अनुसार, ट्रैक्टरों की जब्ती के बाद कई स्तरों से पैरवी की कोशिश की गई, लेकिन नियमों के तहत किसी की नहीं सुनी गई।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की गतिविधियों के विरुद्ध सख्त व निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।