संवाददाता | तेनुघाट (बोकारो)
सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बोकारो अनिल कुमार मिश्रा के निर्देश पर 13 दिसंबर को तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 16,456 मामलों का निष्पादन करते हुए लगभग 8 करोड़ 89 लाख रुपये की समझौता राशि वसूल की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में—
- बिजली विभाग के 6,943 मामलों में लगभग 5 करोड़ 34 लाख रुपये,
- बैंक विभाग के 9,016 मामलों में लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये,
- चेक बाउंस के 29 मामलों में करीब 98 लाख रुपये,
- उत्पाद विभाग के 28 मामलों में लगभग 1,77,000 रुपये,
- अनुमंडल पदाधिकारी न्यायालय के 209 मामलों सहित
प्री-लिटिगेशन एवं अन्य विभागों से संबंधित कई मामलों का निष्पादन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए तीन बेंच गठित की गई थीं।
- प्रथम बेंच में जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी एवं अधिवक्ता पांडव कुमार पांडेय,
- द्वितीय बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय एवं अधिवक्ता पुष्पा हंस,
- तृतीय बेंच में एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल एवं अधिवक्ता नीरज कुमार उपस्थित थे।
यह जानकारी बेरमो अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति के सचिव सह एसडीजेएम, तेनुघाट रश्मि अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सभी न्यायिक पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी एवं पारा लीगल वालंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मौके पर रामकृष्ण गुप्ता, राजेश्वर जायसवाल, दीपक चंद्र गुप्ता, सुजय आनंद, कृष्णा रजक, अतिशय, उपासी कुमारी, वीणा देवी सहित न्यायिक कर्मी, पीएलवी सदस्य उपस्थित थे। एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने कार्यक्रम में शामिल सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, पीएलवी, बैंक, उत्पाद, बिजली एवं वन विभाग के अधिकारियों सहित सभी सहयोगियों को साधुवाद दिया।