गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता
गढ़वा। पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर 09 से 10 दिसंबर 2025 की रात्रि तक जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में वारंट व कुर्की आदेशों के अनुपालन हेतु विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में विभिन्न मामलों में वांछित कुल 18 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इनमें रंका थाना से 05, रमकंडा से 02, खरौंधी से 01, रमना से 02, मेराल से 01 तथा गढ़वा नगर थाना क्षेत्र से 07 आरोपियों की गिरफ्तारी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संचालित यह अभियान अपराधियों में भय पैदा करने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
गढ़वा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग निर्भय होकर सहयोग कर सकें।
यह सघन कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।