बरहरवा।
बरहेट बाजार में मेघा जलापूर्ति योजना पिछले 7 महीनों से बंद रहने के खिलाफ गुरुवार को बाजार की एक दर्जन से अधिक महिलाएं भोगनाडीह में आयोजित आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार शिविर में पहुंच गईं। वहां मौजूद कनीय अभियंता संजीत कुमार को घेरकर महिलाओं ने जोरदार विरोध जताया, जिससे शिविर परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
आर्य रानी, रूपा देवी, लक्ष्मी देवी, प्रिया देवी, रेखा देवी, स्वीटी गुप्ता, नीलम देवी, उषा देवी और लकी देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि बरहेट बाजार में महीनों से जलापूर्ति ठप रहने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुमानी नदी से संचालित जलापूर्ति योजना विभागीय लापरवाही और बार-बार की औपचारिक मेंटेनेंस के कारण बाधित है।
महिलाओं ने जेई संजीत कुमार को घेरकर जमकर खरी-खोटी सुनाई और स्पष्ट कहा कि लिखित आश्वासन के बिना वे शिविर से नहीं हटेंगी। करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद जेई ने आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
कनीय अभियंता संजीत कुमार ने कहा कि मोटर जल जाने के कारण जलापूर्ति बाधित थी और संवेदक से बात कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिलाएं शांत हुईं और जेई से हस्ताक्षरित लिखित आश्वासन प्राप्त करने के बाद ही शिविर से रवाना हुईं।