तेनुघाट से रिपोर्ट,
तेनुघाट। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को तेनुघाट व्यवहार न्यायालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर न्यायिक पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया। समारोह के दौरान “हम भारत के लोग…” से शुरू होने वाली प्रस्तावना को दोहराते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय एवं स्वतंत्रता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
शपथ ग्रहण समारोह तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति की सचिव सह एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल की अगुवाई में आयोजित हुआ। इस दौरान जिला जज प्रथम फहीम किरमानी, कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश प्रेम नाथ पांडेय, जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति, मुंसिफ शिवराज मिश्रा, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला, राज कुमार पांडेय समेत सभी न्यायिक कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों ने संविधान की मूल भावना को बनाए रखने, नागरिक अधिकारों की रक्षा करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और बंधुता को दृढ़ करने का संकल्प व्यक्त किया।