ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने खेल मैदान में प्रस्तावित बिजली सब स्टेशन की जगह बदलने की रखी मांग
गोमिया:- गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो के नेतृत्व में हजारी पंचायत के ग्रामीण प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्रा से मिला। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गैरमजरुवा/गंझुडीह के खेल मैदान में रेलवे द्वारा प्रस्तावित बिजली सब स्टेशन निर्माण की योजना पर आपत्ति जताते हुए इसके स्थान परिवर्तन की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे द्वारा यदि यह सब स्टेशन खेल मैदान के स्थान पर बनाया गया, तो स्थानीय युवाओं का खेल मैदान समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि सब स्टेशन को खेल मैदान के समीप किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थापित किया जाए ताकि मैदान सुरक्षित रह सके।
इस संदर्भ में ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त जनहित याचिका आवेदन और गिरीडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी द्वारा जारी अनुशंसा पत्र भी डीआरएम को सौंपा।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने पूर्व विधायक डॉ. महतो और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ग्रामीण हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने गंझुडीह रेलवे लाइन के किनारे से गोमिया-फुसरो मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क तथा गोमिया बैंक मोड़ से गोमिया रेलवे स्टेशन तक पीसीसी सड़क निर्माण की भी मांग रखी। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारी को सर्वे कराने के निर्देश जारी किए।
इस मौके पर पूर्व विधायक के साथ कुलदीप प्रजापति (प्रदेश अध्यक्ष, BPHO), भरत प्रजापति, त्रिभुवन लाल दास (समाजसेवी), शिबू प्रजापति (अध्यक्ष, अमर ज्योति युवा केंद्र, गैरमजरुवा), नरेश राम महतो (विस्थापित नेता), परमेश्वर प्रजापति, दिनेश्वर प्रजापति और संतोष प्रजापति (सलाहकार, अमर ज्योति युवा केंद्र, गैरमजरुवा) उपस्थित थे।