कोटालपोखर।राधानगर हाई स्कूल मैदान में शुक्रवार की रात नाइट पिंग-पोंग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बरकत खान व जिप प्रतिनिधि अजहरुद्दीन शेख ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और बल्लेबाजी कर किया।
मौके पर बरकत खान ने कहा कि खेल युवा पीढ़ी को अनुशासन, एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश देता है।वहीं अजहरुद्दीन शेख ने कहा कि राधानगर जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में टूर्नामेंट का आयोजन होना गर्व की बात है। इससे न सिर्फ खेल को बढ़ावा मिलता है बल्कि आपसी भाईचारे और युवाओं के बीच एकजुटता भी मजबूत होती है।
नाइट टूर्नामेंट में आसपास के प्रखंडों के अलावा पश्चिम बंगाल की कुल 24 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला बटाइल टीम और पश्चिम बंगाल के घोरायपाड़ा टीम के बीच खेला गया।घोरायपाड़ा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 35 रन बनाए।
जवाब में बटाइल टीम ने 5 विकेट खोकर मात्र 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। विजेता टीम को राधानगर गांव के शिक्षक गौतम घोष ने ट्रॉफी व नगद इनाम देकर सम्मानित किया, जबकि उपविजेता टीम को विश्वरूप मंडल ने ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किया।