
राजहार फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, तुलबुल की टीम बनी विजेता
लातेहार। राजहार में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। फाइनल मुकाबला तुलबुल और सीनियर क्लब लातेहार के बीच खेला गया, जिसमें तुलबुल की टीम विजेता बनी। समापन समारोह में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर एसडीपीओ संदीप कुमार ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर युवाओं की देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलकूद युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल जैसे खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है। टूर्नामेंट का सफल आयोजन युवाओं के उत्साह और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

वहीं, थाना प्रभारी अशोक कुमार ने आयोजन समिति को सफल टूर्नामेंट के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। उन्होंने समिति से भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपील की।
टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष रमेश उरांव ने कहा कि अगले वर्ष इससे भी बेहतर और भव्य टूर्नामेंट आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राजहार का नाम रोशन हो सके।
कार्यक्रम में टूर्नामेंट समिति के संरक्षक वीरेंद्र प्रसाद, जोगेंद्र उरांव, अध्यक्ष रमेश उरांव, उपाध्यक्ष सुनील राम, नैनो भुइयां सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()




