
पाकुड़ संवाददाता। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की पढ़ाई, पोषण और उन्हें मिल रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज शनिवार को सीधे बच्चों के बीच पहुंचीं। सदर प्रखंड की शहरकोल पंचायत स्थित मालीपाड़ा (प्रधान टोला) आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और खान-पान की जानकारी ली। साथ ही केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

बच्चों से बातचीत कर जानी जमीनी स्थिति
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों से उनके पढ़ाई के अनुभव, केंद्र में मिलने वाले भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में सवाल किया। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों को भी देखा और उनकी सीखने की स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त ने बच्चों को नियमित रूप से केंद्र आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर
उपायुक्त ने सेविका और सहायिका को निर्देश दिया कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को निर्धारित पोषण सुविधा समय पर उपलब्ध कराने के साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शुरुआती विकास और शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ पात्र बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उपायुक्त ने सरकारी योजनाओं का लाभ भी संबंधित लाभुकों तक सुचारू रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया।
![]()




