नौ महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार,छेड़खानी व मारपीट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोटालपोखर (संवाददाता)। तीनपहाड़ थाना पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के रामचौकी गांव में छापेमारी कर नौ महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामचंद्र पंडित (50), पिता स्वर्गीय नारायण पंडित, निवासी रामचौकी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और छेड़खानी करने के आरोप में मामला दर्ज था। इस संबंध में तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 155/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी।

थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ही गांव रामचौकी में छिपा हुआ है और वहीं आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया गया और छापेमारी की योजना बनाई गई।
इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम रामचौकी गांव पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लाया गया, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए राजमहल जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी गौरव भगत, एसआई नारद गहलोत, एएसआई प्रदीप यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
![]()




