मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार,भेजा गया जेल
बकरी चराने गयी युवती के साथ घटना का आरोप

![]()
पाकुड़, संवाददाता। महेशपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 24 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कैराछत्तर गांव निवासी रोहित राय को गिरफ्तार किया है। शनिवार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आरोपी को मंडल कारा, पाकुड़ भेज दिया गया।
पीड़िता की मामी ने दर्ज करायी शिकायत
मामले में पीड़िता की मामी ने महेशपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। उनके आवेदन के आधार पर महेशपुर थाना कांड संख्या 148/26 में नामजद आरोपी रोहित राय के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
बकरी चराने गयी युवती के साथ घटना का आरोप
आवेदन के अनुसार, 27 अगस्त की सुबह करीब सात बजे युवती गांव के समीप पुराने बंद पड़े अस्पताल की ओर बकरी चराने गयी थी। आरोप है कि इसी दौरान रोहित राय ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब आठ बजे युवती घर लौटी और इशारों के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी।
आरोपी के घर पहुंचे थे परिजन, फिर हुआ फरार
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उसके परिवार को घटना के बारे में बताया। उस समय आरोपी घर पर मौजूद नहीं था और फरार हो गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार
पीड़िता की मामी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
![]()




