पड़वा पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब की पैकिंग फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार


मेदिनीनगर/पलामू:- पलामू पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को पड़वा पुलिस ने नावा बाजार थाना क्षेत्र के बसना दमारो गांव में नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसकी पैकिंग किए जाने की फैक्ट्री का उद्भेदन किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसना दमारो निवासी निरंजन मेहता और नावाजयपुर निवासी साहिद अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में नकली शराब के निर्माण और पैकिंग से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है।
पूरे मामले की जानकारी सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव ने पड़वा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस अवैध गतिविधि का पता लगाया गया।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार, एसआई चिन्टु कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब के इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इसकी सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।
![]()




