
लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ में गुरुवार को रक्षाबंधन उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के भैया-बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद मिठाई खिलाकर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। भाइयों ने भी बहनों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लिया।

इस बार विद्यालय में रक्षाबंधन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर इसे अलग संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधों को रक्षासूत्र बांधा और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और इनकी सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने प्रकृति, जल और पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया।

विद्यालय की शिशु वाटिका में भी पर्व को लेकर बच्चों में खास उत्साह रहा। नन्हे भैया-बहनों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां मनाईं। बच्चों की भागीदारी से पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा। विद्यालय के विभिन्न संसाधनों पर भी रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया गया।
प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और सुरक्षा का पर्व नहीं है। इसके संदेश को प्रकृति और पर्यावरण तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों के साथ जल, ऊर्जा, ईंधन और पृथ्वी की रक्षा का संकल्प लेकर ही पर्व को सार्थक बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में आचार्य ओंकार नाथ सहाय सहित विद्यालय के अन्य आचार्य एवं दीदी उपस्थित थे।
![]()




