
लातेहार। सदर प्रखंड के मोंगर गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में पिछले पांच दिनों से चल रहे नि:शुल्क योग शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। समापन के अवसर पर हवन-यज्ञ और शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पिंटू रजक और राजेंद्र प्रसाद विशेष रूप से मौजूद रहे।

योग शिविर की शुरुआत 23 अगस्त को हुई थी। हरिद्वार से आए योग प्रशिक्षक घनश्याम योगी ने ग्रामीणों को पांच दिनों तक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने प्रतिभागियों को भस्त्रिका, कपालभाति, बाह्य, उज्जायी, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और उद्गीत प्राणायाम के साथ सूक्ष्म व्यायाम कराया। इसके अलावा सिंहासन, हास्यासन और तालिवादन का भी अभ्यास कराया गया।
घनश्याम योगी ने कहा कि योग को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल कर कई तरह की शारीरिक परेशानियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से शिविर में सीखी गई योग क्रियाओं का नियमित अभ्यास करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए योग जरूरी है। योग को गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव के स्वस्थ भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए लोगों को योग अपनाने के साथ स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने से देश आत्मनिर्भर बनेगा।
मौके पर पप्पू कुमार सिंह, अंकुश कुमार, अंकित कुमार, आयुष कुमार, कोमल कुमार, शुभम कुमार, प्रेम कुमार, सुधांशु कुमार, आकाश कुमार, आशीष कुमार, सुदामा सिंह, सबनु सिंह और विनोद सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()




