
साहिबगंज: गंगा थाना क्षेत्र के रामपुर दियारा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सघन छापामारी अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक घर से 181 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर दियारा क्षेत्र के एक घर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जमा कर रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर गंगा थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, जहां से 181 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

छापामारी अभियान में जैप-9 के जवान भी शामिल थे। पुलिस ने सभी बरामद शराब को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को दियारा क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
गंगा थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दियारा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध धंधे में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार जिस घर से शराब बरामद हुई है, उसके मालिक को पहले ही एक अन्य अवैध शराब मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब वहां किसके द्वारा पहुंचाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले में रूदल सिंह नामक व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दियारा क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा। अवैध शराब के साथ-साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है और आने वाले दिनों में इस तरह के और भी अभियान चलाए जाने की संभावना है।
![]()





