हरिमोहन सिंह बने बिहार यूथ पैरा गोलबॉल टीम के कोच, मुंगेर में खुशी की लहर
मुंगेर में खुशी की लहर

मुंगेर: जिले के जाने-माने स्पोर्ट्स प्रमोटर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह को अहमदाबाद में आयोजित होने वाली सेकेंड यूथ पैरा गोलबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2026-27 के लिए बिहार राज्य टीम का कोच नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता 20 से 32 अगस्त 2026 तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नाडियाड, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित होगी, जिसका आयोजन इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ गुजरात के तत्वावधान में किया जा रहा है।
हरिमोहन सिंह वर्तमान में मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट तथा जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के फाउंडर हैं। इससे पूर्व वे देश के कई राज्यों—नई दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, मेरठ, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, बेंगलुरु, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और झारखंड—में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कोच, टेक्निकल ऑफिशियल, सेलेक्टर और टीम इंचार्ज के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से वे निस्वार्थ भाव से जिले में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मुंगेर के सैकड़ों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय, राज्य और प्रमंडल स्तर पर मेडल जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खासकर दिव्यांग खिलाड़ियों—शारीरिक, मानसिक, श्रवणबाधित, मूकबधिर और ब्लाइंड—ने पैरा एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, स्विमिंग, ताइक्वांडो और वॉची जैसे खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है।
हरिमोहन सिंह ने कहा कि मुंगेर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और महिला व दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल से जुड़ने के लिए तुरंत संपर्क करें।
समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल मंत्री सहित कई गणमान्य हस्तियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी इस उपलब्धि पर मुंगेर जिला प्रशासन, खेल संगठनों, समाजसेवियों और विभिन्न खेल संघों—खो-खो संघ, योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन, कराटे एसोसिएशन—के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
![]()




