कुमारपुर में एआईएमआईएम का जनसंपर्क अभियान,ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों ने रखी अपनी बात,पार्टी ने गांव-गांव अभियान तेज करने का किया ऐलान


पाकुड़। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के कुमारपुर गांव में शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया गया। यह अभियान पार्टी के संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व पाकुड़ पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष रफीक अहमद ने किया।
अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को प्रमुखता से रखा।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत और गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर रफीक अहमद, मो. महाफिजुर रहमान, अहमदुल्लाह फाकरी और मौलवी प्रिंस साहेब सहित अन्य नेताओं ने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जनता को अपने क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछने का अधिकार है और मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि एआईएमआईएम का जनसंपर्क अभियान केवल चुनावी समय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह लगातार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में काम करेगा। साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
आने वाले दिनों में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इस अभियान को और तेज करने की योजना है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
मौके पर जिला कार्यालय सचिव मोसाराफ हुसैन, वरिष्ठ कार्यकर्ता सादेक अली, नईम अख्तर, इंतखाब आलम, बल्ला शेख, इसमाइल शेख, सेलीम शेख, मासतारुल शेख समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
![]()




