राँची में अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन,बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुसे
बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुसे

राँची में प्रोजेक्ट भवन के बाहर बर्खास्त और नाराज अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को अचानक उग्र हो गया। सैकड़ों की संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और सुरक्षा घेरा लांघते हुए परिसर के भीतर प्रवेश कर गए।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच इस दौरान तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। अभ्यर्थियों ने मुख्य द्वार को पूरी तरह जाम करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “आवाज दो, हम एक हैं”, “तानाशाही नहीं चलेगी” और “न्याय दो या फांसी दो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
स्थिति उस समय और भावुक हो गई जब कई अभ्यर्थी जमीन पर लेट गए और रोते हुए न्याय की गुहार लगाने लगे। इससे माहौल काफी तनावपूर्ण बन गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि क्षेत्र में धारा 144/163 बीएनएस लागू है। उन्होंने अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह एक अति-संवेदनशील सरकारी परिसर है और इस तरह के प्रदर्शन पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल प्रोजेक्ट भवन परिसर में तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
![]()





