पाकुड़

होली को लेकर उपायुक्त व एसपी की संयुक्त ब्रीफिंग,शांति व सतर्कता के सख्त निर्देश

Views: 95
0 0
Read Time:5 Minute, 11 Second
होली को लेकर उपायुक्त व एसपी की संयुक्त ब्रीफिंग,शांति व सतर्कता के सख्त निर्देश

पाकुड़। होली पर्व के मद्देनज़र सोमवार को उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि होली के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराने हेतु अग्निशमन दस्ता एवं एम्बुलेंस सेवा को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने को कहा गया। इस वर्ष होलिका दहन दो दिन एवं अलग-अलग समय पर होने के कारण विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। प्रातःकालीन कार्यक्रमों के दौरान फायर ब्रिगेड को रेडी मोड में रखने तथा ग्रहण के कारण मंदिरों में विशेष पूजा के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया।

उपायुक्त ने संवेदनशील एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ड्रोन से निगरानी, अतिरिक्त बल की तैनाती, धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता, छेड़खानी जैसी घटनाओं की रोकथाम तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच जारी रखने के निर्देश दिए। सुरक्षित हर्बल गुलाल के उपयोग को प्रोत्साहित करने एवं शहरी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी निगरानी बनाए रखने पर बल दिया गया। साथ ही एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों एवं दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हलचल या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फोर्स की तैनाती तथा पुलिस लाइन में अतिरिक्त बल रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि होली एवं उसके पूर्व दिवस पर विशेष चौकसी बरती जाए, खासकर सामुदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में। बिना अनुमति किसी जुलूस या प्रदर्शन को न निकलने देने तथा आवश्यकता पड़ने पर कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा गया। सोशल मीडिया की निगरानी, नियमित गश्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जहाँ-जहाँ मेला या धार्मिक आयोजन प्रस्तावित हैं, वहाँ आयोजकों से समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी पर जबरन रंग न डालें, शालीनता एवं सौहार्द बनाए रखें तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।

बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%
Back to top button