पाकुड़ संवाददाता। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जोरडीहा पंचायत में कुटलो आरईओ सड़क से बड़ा कुटलो बुचु टोला तक बन रही करीब एक किलोमीटर सड़क के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सामने आई अनियमितता के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को कार्यपालक अभियंता एतवारी मंडल के निर्देश पर विभागीय टीम ने निर्माणाधीन तीन पुलिया को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता दुर्गा सोरेन, कनीय अभियंता राकेश कुमार एवं जयकिशन मंडल मौजूद रहे। विभागीय टीम ने तीनों पुलिया को बारी-बारी से तोड़कर निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी गंभीरता स्पष्ट की।
सहायक अभियंता ने बताया कि कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर पुलिया तोड़ने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क और पुलिया निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में निर्धारित सामग्री के साथ तकनीकी मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पूरे निर्माण कार्य की जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता या मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने संतोष जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जाहिर की कि अब सड़क और पुलिया का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा, जिससे आने वाले समय में ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।