तेनुघाट — तेनुघाट महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम एवं पोक्सो अधिनियम पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 12 मई, मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. सुदामा तिवारी ने की।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट और जूता अवश्य पहनें तथा कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
इस दौरान साइबर क्राइम और पोक्सो अधिनियम पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रो. संजीव कुमार महाराज ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम में प्रो. श्रीकांत प्रसाद, प्रो. महावीर यादव, प्रो. प्रेम सागर प्रसाद, प्रो. धनंजय रविदास, प्रो. रावण माँझी, एनएसएस पदाधिकारी प्रमोद कुमार (प्रधान सहायक) एवं विनय कुमार यादव (लेखा सहायक) सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. संजीव कुमार महाराज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. श्रीकांत प्रसाद ने किया।