तेनुघाट — बेरमो अनुमंडल पुलिस ने खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 36 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर की गई।
मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा की मौजूदगी में तेनुघाट स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में बरामद मोबाइलों का सत्यापन कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। इस दौरान क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, मोबाइल गुम होने से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। बेरमो अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया गया।
इस संयुक्त अभियान में कसमार, गोमिया, महुआडांड़, दुग्धा, जरीडीह, चन्द्रपुरा, चतरोचट्टी, बेरमो, नावाडीह, गांधीनगर ओपी और जंगेश्वर विहार थाना की पुलिस टीमों ने भाग लिया। बरामदगी में कसमार थाना से 9, गोमिया से 5 तथा दुग्धा, महुआडांड़, जरीडीह और चन्द्रपुरा से 3-3 मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि IMEI नंबर ब्लॉक कर मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके और उसे ट्रेस करने में मदद मिल सके।