तेनुघाट — बीते दिन हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया। कई जगहों पर पेड़ गिर गए, बिजली के पोल टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा कई घरों की छत (सीट) टूट गई तथा घरों पर लगे प्लास्टिक उड़ गए, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
तेनुघाट तीन नंबर क्षेत्र में तीन नंबर से कथारा जाने वाली सड़क पर एक विशाल पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पेड़ हटाकर सड़क को साफ किया और यातायात बहाल कराया।
इस कार्य में अरुण कुमार सिन्हा, प्रदीप कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, रानू सिंह, जगदीश सिंह, अरुण जयसवाल, भोला सिंह, विनोद रजवार, प्रभात कुमार, छोटू सिंह, सोनू कुमार, राहुल कुमार, विशाल कुमार, रिंकू सिंह, पिंकू चौधरी, अजीत कुमार, विनोद कुमार सहित कई ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे रहे।
आंधी-तूफान के कारण बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। पोल और तार गिरने से लगभग 24 घंटे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप रही। बाद में मरम्मत कार्य के पश्चात बिजली बहाल की गई। इस दौरान स्थानीय मिस्त्री दुलार यादव और बबलू अंसारी समेत अन्य लोग बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में लगे रहे।