पाकुड़: गुरुवार को नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में मतगणना कर्मियों की तैनाती हेतु अंतिम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया सम्पन्न की गई।
इस प्रक्रिया के तहत मतगणना कर्मियों को 42 मतगणना टेबलों पर यादृच्छिक रूप से तैनात किया गया, जिससे पूरी मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। रैंडमाइजेशन के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार, सभी निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मतगणना सुपरवाइजर एवं मतगणना सहायकों का भी रैंडमाइजेशन किया गया। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तैयार सूची की प्रतियों पर उपस्थित पदाधिकारियों के हस्ताक्षर कराए गए तथा सामान्य प्रेक्षक और मतगणना प्रेक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर इसकी प्रतियां संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गईं।