संवाददाता: अनुज तिवारी,
सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लहलहे मलय नदी तट पर स्थित प्राचीन शिवाला मंदिर के गुंबद निर्माण हेतु सनातनी धर्मरक्षक अर्जुन पाण्डेय उर्फ़ गुरु पाण्डेय ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार व पूजा-अर्चना के साथ आधारशिला रखी।
उल्लेखनीय है कि यह शिव मंदिर लंबे समय से अर्धनिर्मित अवस्था में था। लहलहे गऊवाँ टोला निवासी आशुतोष तिवारी एवं उनके पिता रामनिवास तिवारी ने इस मंदिर के जीर्णोद्धार और निर्माण को पूर्ण कराने हेतु संज्ञान लेते हुए अथक प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप मंदिर निर्माण कार्य को गति मिली।
इसी क्रम में पलामू क्षेत्र में ‘सनातनी धर्मरक्षक’ के नाम से विख्यात अर्जुन पाण्डेय उर्फ़ गुरु पाण्डेय ने मंदिर के गुंबद निर्माण हेतु आधारशिला रखकर कार्य को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर उनके सहयोगी अखलेश तिवारी ने भोगू गांव में भी एक अन्य अर्धनिर्मित मंदिर को पूर्ण कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान लहलहे ग्रामवासियों ने गुरु पाण्डेय को भगवान भास्कर सूर्य की आकर्षक मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।